Bihar Crime News: तीन साल की मोहब्बत, थाना से लेकर कोर्ट तक पहुंचा मामला, फिर लव स्टोरी का हुआ खौफनाक अंत

Bihar Crime News: तीन साल की मोहब्बत, थाना से लेकर कोर्ट तक पहुंचा मामला, फिर लव स्टोरी का हुआ खौफनाक अंत
गोपालगंज/बिहार (न्यूज़2Day) : बिहार के गोपालगंज जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आयी है। यहां प्रेम-प्रसंग में प्रेमी युगल की हत्या कर दी गयी। दोनों की लाश एक ही कमरे में मिली है। घटना भोरे क्षेत्र के कल्याणपुर गांव की है। प्रेमिका का शव पंखे से लटका था, तो प्रेमी का गला रेत दिया गया है। दोनों शव एक ही कमरे में पड़ा था। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बताया जाता है कि थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव निवासी संतोष सिंह के पुत्र मंटू सिंह और पड़ोस के ही हीरालाल सिंह की पुत्री पुष्पा कुमारी का पिछले 3 वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बाद में 2 साल पहले दोनों घर छोड़कर भागे थे लेकिन परिजनों के दबाव के आगे दोनों को वापस आना पड़ा था। बाद में वर्ष 2022 में पुष्पा की शादी परिजनों ने कहीं और कर दी। शादी के बाद जब वह वापस अपने मायके आई, तो एक बार फिर अपने प्रेमी मंटू सिंह के प्यार में पड़ कर वो घर छोड़कर फरार हो गई। दोनों लखनऊ रहने लगे, जहां मंटू के पिता ठेकेदारी करते थे। इसी बीच मंटू सिंह और उनके परिवार के लोगों के द्वारा मंटू की शादी कहीं और की जाने की तैयारी लगी।

पुष्पा को प्रताड़ित किया जाने लगा जिसे लेकर पुष्पा के द्वारा गोपालगंज महिला थाना में दहेज उत्पीड़न का एक मामला भी दर्ज कराया गया था। इधर, लगभग चार माह पहले मंटू सिंह को महिला थाने की पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इससे पहले लड़की पुष्पा अपने प्रेमी के घर में ही रह रही थी। कुछ दिन पहले ही मंटू सिंह जेल से छूट कर आया और सीधे अपने घर पहुंचा जहां उसकी प्रेमिका पुष्पा रह रही थी। गुरुवार की दोपहर तक जब उनके घर का दरवाजा नहीं खुला, तो आसपास के लोगों को शक हुआ। लोगों ने झांक कर देखा तो कमरे में पंखे से लटका हुआ पुष्पा का शव मिला, जबकि पलंग के नीचे ही गला रेत कर मंटू की जान ली गई थी।


घटनास्थल देखने से प्रतीत होता है कि दोनों की हत्या कर उसे आत्महत्या का शक्ल देने की कोशिश की गई है। वहीं इसकी सूचना भोरे थानाध्यक्ष अनिल कुमार को मिली, तो वह मौके पर पहुंचे और दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलने पर पहुंचे मंटू के परिजन दहाड़े मार कर रो रहे हैं। दोनों का घर 50 मीटर की दूरी पर स्थित है। मंटू के परिवार के लोग पुष्पा के परिजनों पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं।

हालांकि इस संबंध में थानाध्यक्ष अनिल कुमार ने बताया कि पूरे मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। परिजनों के बयान के आधार पर प्राथमिक की दर्ज की जाएगी। दूसरी तरफ घटनास्थल पर हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता, श्रीपुर थानाध्यक्ष पप्पू कुमार पुलिस बल के साथ मौजूद थे। एसपी स्वर्ण प्रभात ने एसआइटी ग गठित कर जांच कराने की बात कही है।